जयपुर , जनवरी 21 -- राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने ताइक्वांडो को आत्मविश्वास बढ़ाने से जुड़ा खेल बताते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि भारतीय खिलाड़ी वैश्विक प्रतियोगिताओं में उम्दा प्रदर्शन कर भारत का नाम रोशन करेंगे।
श्री बागड़े बुधवार को एसएमएस स्टेडियम में 'द्वितीय ताइक्वांडो फेडरेशन कप 2026' के डेमो मैच का शुभारम्भ करने के अवसर पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि दक्षिण कोरिया से निकला ताइक्वांडो आज एक वैश्विक मार्शल आर्ट और ओलंपिक खेल बन गया है।
उन्होंने ताइक्वांडो को चपलता से जुड़ा खेल बताते हुए कहा कि इसमें जो पहल कर वार करता है, वही सफल होता है। उन्होंने देश के विभिन्न प्रांतों के खिलाड़ियों से संवाद कर उनकी हौसला अफजाही की। उन्होंने आह्वान किया कि इस खेल के लिए चयनित खिलाडी अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम गौरवान्वित करें।
राज्यपाल ने कहा कि खेलों में हार-जीत नहीं होती। खेल को खेल भावना से खेला जाता है, तभी वह जीवन में उजास लाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित