तरनतारन , फरवरी 4 -- पंजाब में तरन तारन पुलिस ने बुधवार को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ संयुक्त अभियान में सीमा चौकी (बीओपी) कालियान के कृषि क्षेत्रों से 3.925 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि हेरोइन की खेप बरामद करने के अलावा पुलिस टीम ने एक डीजेआई मैट्रिस ड्रोन भी बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल पाकिस्तान स्थित तस्करों द्वारा अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से खेप पहुंचाने के लिए किया जाता था, जो उन्नत तकनीक का उपयोग करके सीमा पार तस्करी के प्रयासों की ओर इशारा करता है। उन्होने कहा कि सीमा पार से तस्करी करने वालों की पहचान करने, आपूर्ति मार्गों का पता लगाने और पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए जांच जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र लांबा ने बताया कि पंजाब सरकार की "बाज़ अख़" ड्रोन रोधी प्रणाली ने बीओपी कालियान क्षेत्र के पास एक ड्रोन की गतिविधि का पता लगाया था। उन्होंने बताया कि पुलिस टीमों ने तुरंत बीएसएफ को सूचना दी और संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चलाया, जिसके परिणामस्वरूप हेरोइन की खेप से लदे ड्रोन को निष्क्रिय कर दिया गया। बाद में इसे कृषि क्षेत्रों से बरामद किया गया। उन्होने कहा कि हेरोइन की खेप के इच्छित प्राप्तकर्ता की पहचान करने के लिए आगे की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित