चंडीगढ़ , अक्टूबर 24 -- पंजाब विधानसभा की तरनतारन सीट के उपचुनाव के लिए पांच उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र वापस ले लिये हैं। अब चुनाव मैदान में कुल 15 उम्मीदवार बचे हैं।
पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय के एक प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि आज नामांकन वापस लेने के अंतिम दिन पांच उम्मीदवारों हरपाल सिंह, निर्मल कौर, गुरमीत कौर, सारिका जोरहा और हरप्रीत सिंह ने अपने नामांकन पत्र वापस ले लिये हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच के बाद कुल 20 नामांकन वैध पाये गये। अब पांच नामांकन वापस लेने के बाद मैदान में कुल 15 उम्मीदवार बचे हैं। इनमें सुखविंदर कौर (शिरोमणि अकाली दल), हरजीत सिंह संधू (भारतीय जनता पार्टी), हरमीत सिंह संधू (आम आदमी पार्टी), करनबीर सिंह (भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस), शाम लाल गांधी (सच्चो सच पार्टी), नायब सिंह (नेशनलिस्ट जस्टिस पार्टी), अरुण कुमार खुरमी राजपूत (स्वतंत्र), हरपाल सिंह भंगू (स्वतंत्र), हरबिंदर कौर उस्मान (स्वतंत्र), एडवोकेट कोमलप्रीत सिंह (स्वतंत्र), जसवंत सिंह सोहल (स्वतंत्र), नीटू शटर वाला (स्वतंत्र), मनदीप सिंह (स्वतंत्र), मनदीप सिंह खालसा (स्वतंत्र), और विजय कुमार (स्वतंत्र) शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि मतदान 11 नवंबर को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा और मतगणना के बाद 14 नवंबर 2025 को परिणाम घोषित किये जायेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित