जशपुर , नवंबर 20 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कोनकेल, चराईखारा गांव में तम्बाकू मांगने एक दोस्त ने दूसरे दोस्त की जान लेनी की घटना सामने आयी है।
पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार मृतक अशोक राम (35) और आरोपी संदीप एक्का (35) दोनों एक ही गांव के निवासी हैं और वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों के बीच तम्बाकू खाने को लेकर झगड़ा हो गया और संदीप ने अशोक की छाती पर इतनी जोर से लात मारी की उसकी जान चली गयी।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि यह घटना 18 नवंबर शाम करीब छह बजे की है। प्रार्थी विद्याधर राम, जो मृतक अशोक का चाचा है, ने पुलिस को बताया कि अशोक और संदीप गांव के एक व्यक्ति के आंगन में आग ताप रहे थे। इसी दौरान संदीप ने तम्बाकू मांगा, जिस पर अशोक ने मना करते हुए कहा कि वह रोज-रोज तम्बाकू नहीं खिला सकता। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। अशोक जब अपने घर की ओर जाने लगा, तो संदीप भी उसके पीछे गया और घर पहुंचने पर उसकी अशोक से हाथपाई हो गयी और अशोक को जमीन पर गिरा दिया और उसके सीने में लात मारी। घटना के बाद संदीप वहां से भाग गया।
ग्रामवासियों ने सरपंच को सूचना दी। सरपंच जब घर पहुंचे तो अशोक दर्द से तड़प रहा था। उसने स्वयं बताया कि संदीप ने उसके सीने में लात मारी है और सुबह अस्पताल ले जाने की बात कही लेकिन 19 नवंबर की सुबह जब परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) व 332(ए) के तहत हत्या का अपराध दर्ज किया। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया, पंचनामा तैयार किया और शव का पोस्टमार्टम कराया। डॉक्टर ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण मारपीट से हुई गंभीर चोट को बताया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित