नयी दिल्ली , मार्च 15 -- तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों के लिए एक चरण में 23 अप्रैल को वोट डाले जायेंगे और मतगणना चार मई को होगी और उसी दिन परिणाम घोषित कर दिया जायेगा।
निर्वाचन आयोग ने यहां रविवार को संवाददाता सम्मेलन में राज्य के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। इसके साथ ही राज्य में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गयी है।चुनाव कार्यक्रम के अनुसार राज्य की सभी 234 सीटों पर एक ही चरण में मतदान संपन्न होगा। चुनाव की आधिकारिक अधिसूचना 16 मार्च को जारी की जाएगी, जिसके साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नामांकन पत्र भरने की अंतिम तिथि 23 मार्च निर्धारित की गयी है। नामांकन पत्रों की जांच 24 मार्च को की जाएगी और नाम वापसी की अंतिम तिथि 26 मार्च है।
कुल सीटों में से 44 सीटें अनुसूचित जाति के लिए और दो सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं ।वर्तमान विधानसभा का पांच साल का कार्यकाल 11 मई 2021 को शुरू हुआ था, जो 10 मई 2026 को समाप्त होने जा रहा है।
आयोग के अनुसार तमिलनाडु में कुल 5,67,74,436 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें सामान्य मतदाताओं की संख्या 5,67,07,380 है, जबकि सर्विस वोटर्स की संख्या 67,056 है। राज्य की मतदाता सूची में लिंग आधारित विवरण के अनुसार 7,617 थर्ड जेंडर मतदाता भी शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित