चेन्नई , अप्रैल 08 -- तमिलनाडु में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के बाद कुल 6.36 लाख नए मतदाता जोड़े जाने से मतदाताओं की कुल संख्या 5.73 करोड़ हो गयी है। राज्य में 23 अप्रैल को मतदान होना है।
चुनाव आयोग (ईसीआई) के जारी आंकड़ों के अनुसार, 23 फरवरी को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में 5.67 करोड़ मतदाता थे। इसके बाद 23 फरवरी से 26 मार्च के बीच विशेष नामांकन अभियान चलाया गया। इसके दौरान 6,36,911 पात्र मतदाताओं को अतिरिक्त रूप से जोड़ा गया।
अधिकारियों ने कहा कि नये नामांकित मतदाता पूरक सूची में अपने नाम की जांच कर सकते हैं, जिसे जल्द ही जारी किया जायेगा। नये नामांकित मतदाताओं में 3.44 लाख महिलाएं और 2.91 लाख पुरुष हैं। चुनाव आयोग ने उन नागरिकों को विशेष अभियान अवधि के दौरान नामांकन का अवसर प्रदान किया था, जो अंतिम सूची में शामिल होने से रह गये थे। इसके परिणामस्वरूप मतदाताओं की संख्या में वृद्धि हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित