चेन्नई , अप्रैल 04 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तमिलनाडु इकाई के पूर्व अध्यक्ष के.अन्नामलाई ने 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों की दौड़ से बाहर रहने के अपने निर्णय को उचित ठहराया है।
श्री अन्नामलाई ने शनिवार को यहां हवाई अड्डे पर पत्रकारों से कहा कि उन्होंने स्वेच्छा से चुनाव लड़ने से इनकार किया है ताकि वह अन्नाद्रमुक के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के उम्मीदवारों के लिए व्यापक रूप से प्रचार कर सकें। इस गठबंधन में भाजपा, पीएमके, एएमएमके, तृणमूल कांग्रेस और अन्य दल शामिल हैं।
श्री अन्नामलाई ने कहा कि उन्होंने चुनाव न लड़ने के अपने निर्णय के बारे में भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व को पहले ही लिखित रूप में सूचित कर दिया था और वरिष्ठ नेताओं को भी इसकी जानकारी दे दी गई थी। उन्होंने भाजपा नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा, "इसीलिए दिल्ली भेजे गए उम्मीदवारों की सूची में मेरा नाम शामिल नहीं था। मैं अपनी इच्छा का सम्मान करने और मुझे चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी सौंपने के लिए नेतृत्व को धन्यवाद देता हूँ।"उन्होंने बताया कि वह पूरे तमिलनाडु, पुड्डुचेरी और केरल में भाजपा और गठबंधन के उम्मीदवारों के लिए वोट मांगेंगे औऱ 21 अप्रैल की शाम तक उनका पूरा ध्यान गहन प्रचार पर रहेगा। चुनाव न लड़ने के पीछे उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव के अपने अनुभव का हवाला दिया और कहा कि चुनावी मैदान में उतरने से अन्य उम्मीदवारों के लिए प्रचार करने की उनकी क्षमता सीमित हो गई थी, जिसका उन्हें खेद था और वे इस बार उस कमी को दूर करना चाहते हैं।
अन्नाद्रमुक के साथ हुए सीट साझाकरण समझौते के अनुसार भाजपा को 27 सीटें आवंटित की गई हैं और पार्टी ने शुक्रवार दोपहर अपने उम्मीदवारों की सूची जारी की। टिकट पाने वालों में चार वर्तमान विधायकों में से तीन शामिल हैं- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सदन के नेता नैनार नागेंद्रन (सात्तूर), राष्ट्रीय महिला मोर्चा अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन (कोयंबटूर उत्तर) और एम. आर. गांधी (नागरकोइल)। इसके अलावा वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन (अविनाशी आरक्षित) और राज्य इकाई के कुछ जाने-माने चेहरों को भी मौका दिया गया है, जिनमें पुडुचेरी की पूर्व उप-राज्यपाल और तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन (चेन्नई के माइलापुर से) शामिल हैं।
भाजपा ने मोदाकुरिची निर्वाचन क्षेत्र से जीतने वाली वर्तमान विधायक सरस्वती को इस बार टिकट नहीं दिया और उनके स्थान पर उनकी बहू कीर्तिका शिवकुमार को नामांकित किया है। सुश्री कीर्तिका भाजपा के गैर-सरकारी संगठन विभाग की प्रदेश सचिव हैं। सूची में पांच महिला उम्मीदवार शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित