चेन्नई , जनवरी 20 -- तमिलनाडु सरकार ने मंगलवार को केंद्र सरकार से 'जल जीवन मिशन' के तहत 3,112 करोड़ रुपये जारी करने का आग्रह किया।
तमिलनाडु विधानसभा के नये साल के पहले सत्र में राज्यपाल आर. एन. रवि ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने की आवश्यकता को पहचानते हुए, राज्य सरकार लगातार कई योजनाएं लागू कर रही है।
श्री रवि ने कहा कि 'जल जीवन मिशन' केंद्र और राज्य दोनों सरकारों के योगदान से लागू किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 55 लीटर सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना है। इस योजना के माध्यम से तमिलनाडु के 1.12 करोड़ ग्रामीण परिवारों को घरेलू नल से सुरक्षित पेयजल प्रदान किए जा रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय स्तर पर जल जीवन मिशन के प्रभावी कार्यान्वयन को मान्यता देते हुए केंद्र सरकार ने तमिलनाडु सरकार को पुरस्कृत और सराहा है। राज्य सरकार के इस अनुकरणीय प्रदर्शन के बावजूद, तमिलनाडु में इस योजना के कार्यान्वयन के लिए आवश्यक 3,112 करोड़ रुपये की धनराशि पिछले डेढ़ साल से केंद्र सरकार द्वारा जारी नहीं की गई है और न ही किसी नई परियोजना को मंजूरी दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित