चेन्नई , मार्च 24 -- तमिलनाडु के पूर्व केंद्रीय जहाजरानी मंत्री जी.के. वासन के नेतृत्व वाली तमिल मानिला कांग्रेस (टीएमसी) ने 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए मंगलवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की प्रमुख अन्नाद्रमुक के साथ सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप दिया, लेकिन सीटों की संख्या का खुलासा नहीं किया है।
आज सुबह श्री वासन ने अन्नाद्रमुक के महासचिव एडप्पाडी के पलानीस्वामी से मुलाकात की, जो राजग के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भी हैं। इस मुलाकात के बाद सीट बंटवारे का समझौता अंतिम रूप दिया गया। बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि सीट बंटवारे का समझौता हो गया है लेकिन उन्होंने सीटों की संख्या का खुलासा नहीं करते हुए कहा कि इसकी घोषणा गठबंधन की नेता अन्नाद्रमुक करेगी।
टीएमसी ने 2021 के विधानसभा चुनावों में अन्नाद्रमुक के सहयोगी के रूप में छह सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिसमें भाजपा और एकीकृत पीएमके भी शामिल थीं। लेकिन टीएमसी को सभी सीटों पर हार का सामना करना पड़ा। इस बार वह थोड़ी अधिक सीटें या कम से कम 2021 के बराबर सीटें प्राप्त करने की कोशिश कर रही है लेकिन अन्नाद्रमुक इसमें दिलचस्पी नहीं दिखा रही है।
इस तरह की अटकलें लगायी जा रही है कि टीएमसी को इस चुनाव में चार -पांच सीटें मिल सकती है और आने वाले दिनों में इसकी घोषणा होने की उम्मीद है।
अन्नाद्रमुक द्वारा टीएमसी के साथ सीट बंटवारे के समझौते को अंतिम रूप राजग के तीन प्रमुख सहयोगियों भाजपा, पूर्व केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद डॉ. अंबुमाई के नेतृत्व वाले पीएमके गुट और टीटीवी दिनाकरन की एएमएमके के साथ समझौतों पर हस्ताक्षर करने के एक दिन बाद हुआ है। टीटीवी दिनाकरन की पार्टी को कुछ महीने पहले गठबंधन से बाहर निकलने के बाद फिर से इसमें शामिल किया गया। यह समझौता भाजपा के प्रमुख नेता और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन और पूर्व अध्यक्ष सुश्री तमिलिसाई सौंदराजन की उपस्थिति में हुआ।
समझौते के अनुसार, भाजपा को 27 सीटें मिली है जो 2021 में उसके द्वारा लड़ी गई सीटों से सात अधिक हैं, पीएमके को 18 सीटें मिली है जो पार्टी के एकीकरण के समय उसे दी गई सीटों की संख्या से पांच कम हैं और एएमएमके को 11 सीटें आवंटित की गईं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित