मामल्लपुरम , फरवरी 10 -- चेन्नई से लगभग 55 किलोमीटर दूर स्थित यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल मामल्लपुरम में तमिलनाडु का पहला 'ग्लो गार्डन' पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय हो गया है।
तमिलनाडु सरकार और पर्यटन विभाग द्वारा पर्यटकों के लिये इसे कुछ दिन पहले ही शुरू किया था। बहुत कम समय के भीतर यह पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ है। सप्ताहांत के दौरान यहाँ भारी भीड़ उमड़ रही है और कई परिवार अपने बच्चों के साथ यहाँ अच्छा समय बिता रहे हैं।
एक लाख वर्ग फुट में फैले इस उद्यान का उद्घाटन मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने किया था। इसमें इनडोर और आउटडोर दोनों तरह की सुविधाएं हैं और साथ ही एक 'एम्फीथिएटर' और खाने के स्टॉल भी हैं। तमिलनाडु पर्यटन विकास निगम (टीटीडीसी) की भूमि पर बने इस उद्यान की अन्य प्रमुख विशेषताओं में सेल्फी पॉइंट, कृत्रिम पेड़ों, पौधों और फूलों से सजे रास्ते और रोशनी वाली सीटें शामिल हैं। इसे सनविन मामल्लपुरम ग्लो गार्डन एलएलपी द्वारा विकसित किया गया है, जो इन सुविधाओं का संचालन और रखरखाव भी करेगा।
चूंकि शाम ढलते ही सभी ऐतिहासिक स्मारक बंद हो जाते थे, इसलिए पर्यटकों और आगंतुकों के पास अंधेरा होने के बाद करने के लिए कुछ नहीं होता था। ऐसे में यह 'ग्लो गार्डन' पर्यटकों और आसपास के गांवों के निवासियों के लिए एक प्रमुख आकर्षण बन गया है।
छुट्टियों और सप्ताहांत के दौरान और आगामी गर्मियों की छुट्टियों के साथ मामल्लपुरम में पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित