पटना , फरवरी 05 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने उत्तर भारतीयों के खिलाफ तमिलनाडु के कृषि मंत्री एम आर के पन्नीरसेलवम के बयान पर आपत्ति दर्ज की है।
श्री मिश्र ने कहा कि पन्नीरसेलवम ने अपने आपत्तिजनक बयान से उत्तर भारतीयों को अपमानित किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर भारतीय,जिसमें बिहार के लोग भी शामिल हैं, अपनी गाढ़ी मेहनत की कमाई खाते हैं। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु की अर्थव्यवस्था में उत्तर भारतीयों का बहुत बड़ा योगदान है।
श्री मिश्र ने पन्नीरसेलवम के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुये कहा कि बिहार और उत्तर भारत के लोग सिर्फ पानी पुरी नहीं बेचते, बल्कि मौका आने पर अच्छे-अच्छों को पानी पिला देते हैं। वे सिर्फ भवन निर्माण के लिए कार्य नहीं करते, बल्कि राष्ट्र निर्माण में उत्तर भारतीयों का खास योगदान है।
श्री मिश्र ने बयान जारी कर कहा कि पन्नीरसेलवम को अपने आपत्तिजनक बयान के लिए उत्तर भारतीयों से माफी मांगनी होगी। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के मंत्री का बयान क्षेत्रवाद को बढ़ावा देनेवाला है। भाषा के नाम भेदभाव करना दंडनीय है और यदि कोई व्यक्ति भाषा और क्षेत्र के नाम पर भेदभाव करता है, तो वह दंड का भागी बनेगा। उन्होंने कहा कि हिंदी बोलना कोई गुनाह नहीं है। कोई भी व्यक्ति किसी भाषा का इस्तेमाल कर सकता है।
गौरतलब है कि तमिलनाडु के कृषि मंत्री एमआरके पनीरसेल्वम ने हाल ही में कहा है कि उत्तर भारत से आने वाले लोग सिर्फ हिंदी जानते हैं, इसलिए उन्हें तमिलनाडु में अच्छी नौकरियां नहीं मिल पातीं।वे यहां टेबल साफ करने, निर्माण मजदूरी करने या पानी पूरी बेचने जैसे काम करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित