चेन्नई , फरवरी 07 -- तमिलनाडु का बजट सत्र 17 फरवरी से शुरू होगा और इसी दिन वित्त मंत्री थंगम थेनारासु विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अंतरिम बजट पेश करेंगे।
तिरुनेलवेली में शनिवार को संवाददाताओं से बात करते हुए विधानसभा अध्यक्ष एम. अप्पावु ने यह जानकारी दी।
विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि वित्त मंत्री अंतरिम बजट के साथ-साथ वर्ष 2026-27 के लिए अनुदान की अग्रिम मांगें और वर्ष 2025-26 के लिए अतिरिक्त व्यय का विवरण भी अनुमोदन के लिए रखेंगे। राज्य में अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होने की संभावना को देखते हुए यह वर्तमान विधानसभा का अंतिम सत्र हो सकता है।
बजट सत्र की कुल अवधि का निर्णय वित्त मंत्री के भाषण के बाद 'कार्य मंत्रणा समिति' की बैठक में लिया जाएगा। चुनाव तैयारियों को देखते हुए यह सत्र चार से पांच दिनों तक चलने की संभावना है।
सत्र के पूर्ण लाइव प्रसारण के सवाल पर अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान में केवल 'प्रश्नकाल' और मंत्रियों के जवाबों का सीधा प्रसारण किया जाता है। हालांकि, मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन पूर्ण लाइव प्रसारण के पक्ष में हैं और जल्द ही इसे 'अनुदान मांगों' की चर्चा तक विस्तारित किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित