पटना , जनवरी 29 -- बिहार के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने गुरूवार को कहा कि राज्य के विभिन्न जिलों में नियमित रूप से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे किसानों का तकनीकी ज्ञान विकसित हो रहा है और वे उन्नत एवं लाभकारी कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
कृषि मंत्री श्री यादव ने आज बयान जारी कर कहा कि राज्य सरकार किसानों को आधुनिक, वैज्ञानिक एवं तकनीक आधारित कृषि से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न जिलों में नियमित रूप से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे किसानों का तकनीकी ज्ञान विकसित हो रहा है और वे उन्नत एवं लाभकारी कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसान प्रशिक्षण राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है, जिसका उद्देश्य कृषि उत्पादन, उत्पादकता तथा किसानों की आय में सतत वृद्धि सुनिश्चित करना है।
श्री यादव ने बताया कि जहानाबाद जिले में कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा) के माध्यम से राष्ट्रीय खाद्य तेल-तिलहन मिशन के अंतर्गत 30 किसानों के लिए राई-सरसों एवं सूरजमुखी जैसी तिलहनी फसलों की वैज्ञानिक खेती पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य जिले के किसानों को तिलहन उत्पादन एवं तेल निर्माण के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है, जिससे राज्य में खाद्य तेलों के आयात पर निर्भरता कम की जा सके।
कृषि मंत्री ने बताया कि राज्य में तेलहन उत्पादन एवं उत्पादकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से "बिहार के संदर्भ में तेलहन उत्पादन में हालिया प्रगतियाँ" विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में तेलहन फसलों की वर्तमान स्थिति, उन्नत किस्में, आधुनिक कृषि तकनीक, एकीकृत पोषक तत्व एवं कीट प्रबंधन, कृषि यंत्रीकरण, पोस्ट-हार्वेस्ट प्रबंधन, विपणन तथा मूल्य संवर्धन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिदिन चार तकनीकी सत्र आयोजित किए गए, जिनमें बिहार की एग्रो क्लाइमेटिक परिस्थितियों के अनुरूप उत्पादन बढ़ाने की रणनीतियों पर विशेष बल दिया गया। प्रतिभागियों को उन्नत बीजों के उपयोग, वैज्ञानिक खेती पद्धतियाँ अपनाने, लागत घटाने तथा किसानों की आय बढ़ाने के व्यावहारिक उपायों से अवगत कराया गया।
श्री यादव ने बताया कि कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण (आत्मा), पटना के तत्वावधान में कृषि विज्ञान केंद्र सिवान में भी राज्य स्तरीय किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत दलहन फसलों की उन्नत खेती विषय पर पाँच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में राज्य के विभिन्न जिलों से चयनित 30 किसानों ने भाग लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित