दरभंगा , अप्रैल 28 -- बिहार में दरभंगा के सांसद एवं लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सचेतक डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने केंद्र सरकार की तकनीकी क्षेत्र में किए जा रहे पहल और प्रयासों की जमकर सराहना करते हुए मंगलवार को कहा कि तकनीकी ज्ञान के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य शीघ्र पूरा होगा।
दरभंगा स्थित इंडस्ट्रियल एरिया के परिसर में एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर पटना की ओर से एक महत्वपूर्ण उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ऑनलाइन माध्यम से बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।
इस अवसर पर दरभंगा के सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने दरभंगा में दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा दस करोड़ की लागत से निर्मित एक्सटेंशन सेंटर का उद्घाटन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सेतु योजना के अंतर्गत दरभंगा आईटीआई का चयन किया गया है, जिसके तहत संस्थान को एक सशक्त प्रोडक्शन सेंटर के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दरभंगा स्थित यह एक्सटेंशन सेंटर इस पहल को मजबूती प्रदान करने वाला एक महत्वपूर्ण कदम है।
सांसद डॉ. ठाकुर ने कहा कि इसके अतिरिक्त, आईटीआई दरभंगा में पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत अनेक लाभुकों को प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें बेहतर मार्गदर्शन दिया गया है, जिससे वे विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य के लिए नई दिशा एवं नई उपलब्धियों का शुभकामना देते हुए कहा कि आने वाले समय में दरभंगा तथा मिथिला क्षेत्र में नए तकनीकी संस्थानों के व्यवस्था की ठोस पहल की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित