जोधपुर , अप्रैल 21 -- राजस्थान के संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने भरोसा दिलाया है कि बालोतरा जिले के पचपदरा में स्थित एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी में आग लगने की घटना के बाद मरम्मत कार्य पूरा होते ही रिफाइनरी जल्द वाणिज्यिक उत्पादन शुरू कर देगी।
श्री पटेल ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में रिफाइनरी से जुड़ी अहम जानकारी साझा करते हुए यह बात कही। उन्होंने बताया कि घटना के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा स्वयं आज रिफाइनरी पहुंचे और अंदर जाकर तकनीकी व्यवस्थाओं एवं बाहरी सुरक्षा इंतजामों का गहन निरीक्षण किया।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने कंट्रोल रूम में तैनात अग्निशमन अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर उनकी कार्यक्षमता की सराहना की। साथ ही आपात स्थिति में मुस्तैदी से काम करने वाली महिला अधिकारियों के साहस और समर्पण की भी विशेष प्रशंसा की।
श्री पटेल ने बताया कि रिफाइनरी एक विस्तृत क्षेत्र में फैली हुई है और लीकेज से हुआ नुकसान केवल एक सीमित हिस्से तक ही सीमित रहा। उन्होंने कहा कि लीकेज के वास्तविक कारणों की गहन जांच के लिए अन्य रिफाइनरियों से विशेषज्ञों और बड़ी तकनीकी टीमों को बुलाया जा रहा है ताकि समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि मरम्मत कार्य पूरा होते ही रिफाइनरी जल्द वाणिज्यिक उत्पादन शुरू कर देगी। साथ ही प्रशासन और तकनीकी टीमें लगातार निगरानी बनाए हुए हैं, जिससे भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित