मुंबई , मार्च 24 -- महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को विधानसभा में स्वयं को 'दैवीय अवतार' बताने वाले गिरफ्तार कथित ढोंगी बाबा "कैप्टन" अशोक खरात के काले कारनामों का पर्दाफाश किया।
श्री फडणवीस ने इस बाबा पर आरोप लगाते हुए सदन को सूचित किया कि खरात महिलाओं का यौन शोषण और उन्हें प्रताड़ित करता था। उन्होंने कहा कि खरात महिलाओं को नशीली गोलियां या शामक दवाएं देकर उनके साथ बार-बार दुष्कर्म करता था। वह धार्मिक अनुष्ठानों के नाम पर महिलाओं के साथ अमानवीय और घृणित कृत्य करता था और उन्हें डराता था कि यदि किसी ने मुंह खोला तो उन्हें 'दैवीय प्रकोप' का सामना करना पड़ेगा। एक मामले में आरोपी ने महिला के आपत्तिजनक फोटो वायरल करने की धमकी देकर 5 करोड़ रुपये की फिरौती भी मांगी थी। मुख्यमंत्री गृह विभाग के भी प्रभारी हैं।
उन्होंने बताया कि इस मामले में अब तक कुल आठ मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें से सात मामलों की जांच आईपीएस अधिकारी तेजस्विनी सतपुते के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल कर रहा है, जबकि एक मामले की जांच नासिक सिटी क्राइम यूनिट द्वारा की जा रही है।
खरात को 17 मार्च की रात को गिरफ्तार किया गया था, जबकि उसके खिलाफ 10 मार्च को ही लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया गया था ताकि वह देश छोड़कर न भाग सके।
पुलिसिया कार्रवाई में अब तक खरात की लगभग 40 करोड़ रुपये की संपत्ति का पता चला है, जिसे जब्त कर लिया गया है। इनमें 33 एकड़ जमीन और एक फार्महाउस, पनवेल में 40 गुंठा जमीन और पुणे में बेटी के नाम पर एक फ्लैट, सिन्नर में एक मैरिज हॉल शामिल हैं। इसके अलावा, छापेमारी में 6 लाख रुपये नकद, दो लैपटॉप, एक रिवॉल्वर, कारतूस और 'शिवनिका संस्थान ट्रस्ट' के दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित