रामनगर,10फरवरी (वार्ता) उत्तराखंड में रामनगर स्थित जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क के जंगल से सटे ढेला रोड पर एक गुस्सैल टस्कर हाथी लगातार दहशत का कारण बना हुआ है। जंगल से निकलकर बार-बार सड़क पर आ रहे इस हाथी के चलते राहगीरों और वाहन चालकों में भारी अफरा-तफरी मची हुई है।
ताजा मामला उस वक्त सामने आया जब हाथी ढेला क्षेत्र के पास अचानक जंगल से निकलकर मुख्य सड़क पर आ गया और चलते वाहनों के पीछे दौड़ने लगा।
सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सड़क पर यातायात सामान्य रूप से चल रहा था, तभी अचानक टस्कर हाथी सड़क पर आ गया। हाथी को देखते ही वाहन चालक घबरा गए और इधर-उधर वाहन रोकने लगे। इसी दौरान एक बाइक सवार हाथी को देखकर घबराया और असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ा। गनीमत रही कि बाइक सवार किसी तरह खुद को संभालते हुए तुरंत सड़क किनारे हट गया और हाथी से बचकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी काफी आक्रामक स्थिति में था और कुछ दूरी तक वाहनों के पीछे दौड़ता रहा। इस दौरान कुछ देर के लिए ढेला रोड पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह शोर-शराबा कर और वाहन पीछे हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया, तब जाकर हाथी वापस जंगल की ओर चला गया।
बताया जा रहा है कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी इसी टस्कर हाथी के सड़क पर आने और वाहनों को दौड़ाने के वीडियो सामने आ चुके हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों और पर्यटकों में भय का माहौल बना हुआ है। ढेला रोड कार्बेट पार्क का क्षेत्र होने के कारण इस मार्ग पर पर्यटकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही अधिक रहती है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित