सागर , दिसंबर 28 -- मध्यप्रदेश में सागर जिले के दक्षिण वन मंडल अंतर्गत ढाना हिलगन वन परिक्षेत्र के मुंडी टौरिया क्षेत्र में एक बाघ का शव बरामद किया गया है। सूचना मिलते ही वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर ग्राम हिलगन के मुंडी टौरिया क्षेत्र में बाघ का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर वन अधिकारियों ने शव की पुष्टि की। प्रारंभिक जांच में बाघ की उम्र करीब 5 से 6 वर्ष आंकी गई है। शेर के शरीर के सभी अंग सुरक्षित पाए गए हैं, जिससे शिकार की आशंका नहीं जताई जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार बाघ की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई प्रतीत हो रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

वन विभाग द्वारा यह भी पता लगाया जा रहा है कि बाघ किस क्षेत्र से यहां पहुंचा, क्योंकि उसके गले में कॉलर नहीं पाया गया है। इस संबंध में रातापानी और रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व, सागर से संपर्क किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित