ढाका , जनवरी 30 -- बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस ने गुरुवार को ढाका-कराची-ढाका मार्ग पर सीधी उड़ान सेवा शुरू की। उद्घाटन उड़ान बीजी-341 गुरुवार रात 8 बजे ढाका से रवाना हुई।
अगस्त 2024 में प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में अंतरिम सरकार के गठन के बाद से बंगलादेश और पाकिस्तान के बीच संबंधों में नजदीकी देखी जा रही है। दोनों देशों के बीच सैन्य प्रतिनिधिमंडलों सहित विभिन्न स्तरों पर प्रतिनिधिमंडलों का लगातार आदान-प्रदान हो रहा है।
बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस द्वारा कराची के लिए सीधी उड़ान की शुरुआत को दोनों देशों को और करीब लाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 1971 में नौ महीने लंबे रक्तरंजित स्वतंत्रता संग्राम के बाद बंगलादेश पाकिस्तान से अलग हुआ था।
सीधी उड़ान सेवा के शुभारंभ के अवसर पर हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक समारोह आयोजित किया गया। इसमें नागरिक उड्डयन एवं पर्यटन मंत्रालय के सलाहकार और बिमान बंगलादेश एयरलाइंस के निदेशक मंडल के अध्यक्ष शेख बशीरुद्दीन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बंगलादेश में पाकिस्तान के राजदूत इमरान हैदर और बांग्लादेश नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अध्यक्ष एयर वाइस मार्शल एमडी मोस्तफा महमूद सिद्दीकी भी मौजूद थे।
उद्घाटन उड़ान के गुरुवार रात 11 बजे स्थानीय समयानुसार कराची पहुंचने का कार्यक्रम है। वापसी उड़ान बीजी-342 शुक्रवार को रात 12:01 बजे कराची से रवाना होकर सुबह 4:20 बजे ढाका पहुंचेगी। उद्घाटन सेवा से करीब 150 यात्रियों ने यात्रा की।
बिमान की शुक्रवार से प्रभावी शीतकालीन समय-सारिणी के तहत ढाका-कराची मार्ग पर सप्ताह में दो बार, गुरुवार और शनिवार को उड़ानें संचालित की जाएंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित