उदयपुर , मई 11 -- राजस्थान में आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर रोकथाम के लिए जारी विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत करीब ढाई लाख लीटर वाॅश नष्ट करके 310 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में एक से 10 मई तक चलाये गये इस अभियान के तहत 959 मामले दर्ज किए गए है। इसके तहत देशी मदिरा 10 लाख 52 हजार 669 रूपए लागत की 3920 लीटर, भारत निर्मित विदेशी मदिरा नौ लाख 28 हजार 100 रूपए की 930 लीटर, बीयर तीन लाख 26 हजार 130 रूपए की 1476 लीटर एवं हथकड़ शराब 6622 लीटर जब्त की गई है। इसी क्रम में वाॅश दो लाख 48 हजार 931 लीटर नष्ट किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित