कानपुर , मई 02 -- कानपुर में सुरार स्थित जिला ड्रग वेयरहाउस के औचक निरीक्षण के दौरान कोल्ड चेन स्टोरेज प्रणाली बंद मिलने पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कड़ी नाराजगी जताते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से स्पष्टीकरण तलब किया है। उन्होंने व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। यह वेयरहाउस उर्सला एवं हैलेट अस्पताल सहित जनपद के सभी सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को दवाओं की आपूर्ति करता है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दवाओं के भंडारण, स्टॉक एवं अभिलेखों की भी जांच की और भंडारण व्यवस्था को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने तथा दवाओं की सतत उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाईज कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक डॉ. उज्ज्वल कुमार (आईएएस) से दूरभाष पर वार्ता कर उन्हें स्थिति से अवगत कराया गया और आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया। वेयरहाउस में तैनात फार्मासिस्ट आशुतोष यादव ने बताया कि यहां 371 प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं, जिन्हें आवश्यकता के अनुसार जनपद के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों को भेजा जाता है।

निरीक्षण के दौरान आलोक कुमार और सरोजनी देवी नामक दो कार्मिक अनुपस्थित पाए गए, जिनके एक दिन का वेतन काटने के निर्देश देते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि दवा भंडारण और आपूर्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी व्यवस्थाएं तय मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित