हरिद्वार , मार्च 07 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के कोतवाली खानपुर क्षेत्र में ड्यूटी के बाद लापता हुए एक व्यक्ति को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज एक घंटे के भीतर खोज निकाला। लापता व्यक्ति करनपुर रोड स्थित एक खेत में बेहोशी की हालत में मिला, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम मोहम्मदपुर निवासी हर्षित शुक्रवार देर रात चौकी गोवर्धनपुर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी कि उसके पिता प्रमोद (45) सुबह शुगर मिल लक्सर में काम पर गए थे लेकिन शाम करीब छह बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद से उनका कोई पता नहीं चल रहा है। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी तलाश की लेकिन कहीं से कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
हर्षित ने पुलिस को बताया कि उसके पिता पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे हैं और दवाइयां ले रहे हैं, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई थी। सूचना मिलते ही कोतवाली खानपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत तलाश अभियान शुरू कर दिया।
पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के साथ मैनुअल पुलिसिंग का सहारा लेते हुए आसपास के क्षेत्रों में सघन खोजबीन की। करीब एक घंटे की मेहनत के बाद देर रात पुलिस ने प्रमोद को करनपुर रोड स्थित एक खेत से बेहोशी की हालत में बरामद कर लिया।
पुलिस ने बताया कि प्राथमिक उपचार देने के बाद प्रमोद के होश में आने पर उन्हें सुरक्षित रूप से परिजनों के सुपुर्द कर किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित