रांची , जनवरी 24 -- जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में ड्यूटी के दौरान हुए भीषण हादसे में शहीद हुए रांची के वीर सपूत अजय लकड़ा का पार्थिव शरीर देर रात रांची लाया गया।

शहीद जवानों में रांची के तिरिल निवासी अजय लकड़ा और पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के झालदा थाना क्षेत्र अंतर्गत पुंडा गांव निवासी 24 वर्षीय प्रद्युम्न लोहारा शामिल हैं। खराब मौसम के कारण विमान के विलंब से उड़ान भरने के चलते पार्थिव शरीर देर रात रांची पहुंचे। अजय लकड़ा का अंतिम संस्कार रांची में पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया जाएगा।

तिरंगे में लिपटा शहीद जवान का पार्थिव शरीर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचा, पूरे माहौल में शोक और गर्व का भाव एक साथ देखने को मिला। हर आंख नम थी, लेकिन हर चेहरे पर देशभक्ति और सम्मान की झलक साफ दिखाई दे रही थी।

शहीद अजय लकड़ा को श्रद्धांजलि देने के लिए राज्य के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर रांची एयरपोर्ट पहुंचे। उन्होंने शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस दौरान उन्होंने कहा, "शहीद अजय लकड़ा का बलिदान देश के लिए अमूल्य है। झारखंड को अपने इस वीर सपूत पर गर्व है।"इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल और सुरक्षाकर्मियों ने भी शहीद जवान को सलामी दी और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में आतंकियों की गतिविधियों पर निगरानी के दौरान सेना का एक बुलेटप्रूफ वाहन गुरुवार को दुर्घटनाग्रस्त होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण हादसे में 10 जवान शहीद हो गए, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

शहीद अजय लकड़ा का बलिदान झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी वीरता, साहस और देशभक्ति को हमेशा याद किया जाएगा। राज्य सरकार ने कहा है कि इस दुख की घड़ी में पूरा झारखंड शहीद के परिवार के साथ खड़ा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित