लखनऊ , मार्च 19 -- उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को यहां डॉ. केशवराव बलिराम हेडगेवार की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

उन्होने कहा कि डॉ. हेडगेवार का सम्पूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन शक्ति और सांस्कृतिक जागरण के लिए समर्पित रहा। उनके विचार आज भी एक सशक्त, संगठित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में एकता, समरसता और राष्ट्रहित सर्वोपरि की भावना को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

श्री मौर्य ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक द्वारा स्थापित मूल्यों के अनुरूप कार्य करते हुए ही देश को आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी और प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर कार्य कर रही है, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित