पटना , मार्च 22 -- हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार में लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने बिहार दिवस के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।
डा. सुमन ने अपने संदेश में कहा कि बिहार केवल मानचित्र पर अंकित एक प्रदेश नहीं, बल्कि यह हमारी आत्मा, हमारी पहचान और हमारी सांस्कृतिक चेतना का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह वही पवित्र भूमि है, जहाँ प्राचीन मगध की गौरवशाली परंपरा ने इतिहास को दिशा दी।जहाँ से साम्राज्य, नीति और सुशासन की अवधारणाएँ पूरे विश्व में प्रसारित हुईं। यही वह धरती है, जहाँ चाणक्य की नीति और चंद्रगुप्त मौर्य के साहस ने एक संगठित और सशक्त राष्ट्र की नींव रखी।
मंत्री ने कहा कि यही भूमि गौतम बुद्ध की करुणा और भगवान महावीर के अहिंसा के संदेश से संपूर्ण मानवता को आलोकित करती रही है। इस मिट्टी में शांति, सहिष्णुता और मानवीय मूल्यों की ऐसी गहराई है, जो युगों-युगों तक विश्व को प्रेरित करती रहेगी।
डॉ. सुमन ने कहा कि नालंदा विश्वविद्यालय और विक्रमशिला जैसे महान शिक्षण केंद्रों ने बिहार को ज्ञान की वैश्विक राजधानी के रूप में स्थापित किया। यह परंपरा आज भी हर बिहारी के मन में आत्मगौरव और आत्मविश्वास का संचार करती है।उन्होंने कहा कि मिथिला की समृद्ध संस्कृति, लोकपरंपराएँ और जीवनशैली बिहार की आत्मा को जीवंत बनाए रखती हैं। इस धरती का हर कण संघर्ष, परिश्रम और स्वाभिमान की गाथा कहता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित