पटना , मार्च 23 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने सोमवार को कहा कि डॉ. राममनोहर लोहिया ने देश में सामाजिक न्याय की धारा को मजबूत करने के लिए गरीबों और वंचितों को एकजुट करने का प्रयास किया।
राजद के कार्यालय में आज महान समाजवादी नेता एवं चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया की जयंती प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल की अध्यक्षता में मनायी गयी। इस अवसर पर उपस्थित नेताओं ने डॉ. लोहिया के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रदेश अध्यक्ष श्री मंडल ने इस अवसर पर कहा कि डॉ. लोहिया के विचारों के साथ बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद ने गरीबों, शोषितों को मान-सम्मान दिया और नफरत करने वाले लोगों को उचित जवाब देकर समाज में एक बेहतर वातावरण का निर्माण किया। उन्होंने कहा कि डॉ. राम लोहिया अनवरत गांव की दशा एवं वहां की प्रतिभा को सुधारने व निखारने के लिए संघर्ष करते रहे और सामाजिक न्याय की लड़ाई को जमीन पर उतारा।
इस अवसर पर डॉ. लोहिया के तैल चित्र पर माल्यार्पण करने वालों में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय नारायण चौधरी, बिहार विधान परिषद के पूर्व उपसभापति डॉ रामचंद्र पुर्वे, राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव, बिनु यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, शिवचंद्र राम, विनोद श्रीवास्तव,प्रदेश प्रधान महासचिव रणविजय साहू,प्रदेश मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव, प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद सहित अन्य नेतागण शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित