लखनऊ/वाराणसी , दिसम्बर 29 -- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद) काशी प्रांत के प्रांत अध्यक्ष एवं प्रांत मंत्री के दायित्वों हेतु निर्वाचन प्रक्रिया सोमवार को काशी प्रांत अधिवेशन के प्रथम दिवस पर सम्पन्न हुई। यह निर्वाचन जौनपुर स्थित पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में अस्थायी रूप से बसाए गए 'रानी अब्बक्का नगर' के 'महंत अवैद्यनाथ सभागार' में आयोजित किया गया।
निर्वाचन प्रक्रिया के अंतर्गत डॉ. महेंद्र त्रिपाठी को सर्वसम्मति से काशी प्रांत अध्यक्ष तथा शिवम सिंह को काशी प्रांत मंत्री के रूप में निर्वाचित किया गया। निर्वाचन अधिकारी डॉ. अखिलेश पाण्डेय ने प्रक्रिया को पूर्ण कराया।
डॉ. महेंद्र कुमार त्रिपाठी मूलतः जौनपुर के निवासी हैं। उन्होंने टी.डी. कॉलेज, जौनपुर से एम.ए. तथा शोध कार्य पूर्ण किया है। संगठन में वे वर्ष 2012 से सक्रिय हैं।
पूर्व में आपने नगर अध्यक्ष, जिला प्रमुख (हरदोई), विभाग प्रमुख (हरदोई) तथा काशी प्रांत उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। वर्तमान में वे अभाविप काशी प्रांत के नवनिर्वाचित प्रांत अध्यक्ष के रूप में दायित्व संभाल रहे हैं।
वहीं शिवम सिंह मूलतः भदोही के निवासी हैं। उन्होंने स्नातक एवं परास्नातक शिक्षा रक्षा एवं सामरिक अध्ययन विषय में इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पूर्ण की है। संगठन से उनका संपर्क वर्ष 2016 से है। पूर्व में उन्होंने इकाई कार्यकारिणी सदस्य, इकाई उपाध्यक्ष (इलाहाबाद विश्वविद्यालय इकाई), प्रांत कार्यकारिणी सदस्य, प्रांत कार्यसमिति सदस्य, इलाहाबाद विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष तथा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य जैसे दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित