पटना , फरवरी 06 -- बिहार के 91 डॉ. भीमराव आंबेडकर आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिये कक्षा एक और छह में नामांकन के लिये कुल 2,895 रिक्त सीटों के विरुद्ध एक लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुये हैं।

अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के अनुसार, पांच जनवरी से छह फरवरी तक चली आवेदन प्रक्रिया में 1,42,357 पंजीकरण हुये, जिनमें से 1,03,195 आवेदन अंतिम रूप से स्वीकार किये गये हैं।

कक्षा एक की 2,627 सीटों के लिये 59,453 आवेदन मिले हैं, जबकि कक्षा छह की 268 सीटों के लिये 43,742 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। कक्षा एक में नामांकन ऑनलाइन लॉटरी प्रणाली से होगा, वहीं कक्षा छह के लिये 22 फरवरी, 2026 को राज्यस्तरीय लिखित परीक्षा आयोजित की जायेगी। प्रवेश पत्र 15 से 20 फरवरी के बीच जारी होंगे, परीक्षा परिणाम 10 मार्च को घोषित किये जायेंगे और चयनित विद्यार्थियों का नामांकन 11 मार्च से शुरू होगा।

इन आवासीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को राज्य सरकार की ओर से पूर्णतः नि:शुल्क एवं सुरक्षित आवासीय सुविधा के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्मार्ट कक्षाएं, आधुनिक प्रयोगशालायें, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय, करियर मार्गदर्शन, खेलकूद की सुविधा और पौष्टिक भोजन और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित