मुंगेर, जनवरी 19 -- केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने सोमवार को कहा कि होम्योपैथिक चिकित्सक डॉक्टर नीतिश चंद्र दुबे ने होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति को भारत और भारत के बाहर 27 अन्य देश में फैलाया है।
केन्द्रीय मंत्री श्री सिंह ने आज मुंगेर जिले के कल्याणपुर गांव में नवनिर्मित "हरिओम होमियो केंद्र" का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि केन्द्र के निदेशक और मुंगेर जिले के कल्याणपुर गांव के निवासी होम्योपैथिक चिकित्सक डॉक्टर नीतिश चंद्र दुबे ने होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति के ज्ञान को फैलाने का ऐतिहासिक काम किया है।
उन्होंने कहा कि डॉक्टर नीतिश चंद्र दुबे ने जर्मनी, दुबई ,लंदन सहित अन्य देशों में होम्योपैथिक चिकित्सकों के सम्मेलन में भाग लेकर भारत में होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति की सफलताओं को विदेशी होम्योपैथिक विद्वानों के समक्ष पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि नीतिश चंद्र दुबे होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति के माध्यम से अपनी मानव सेवा का कार्य भविष्य में भी निरंतर करते रहेंगे।
इस अवसर पर नीतिश चंद्र दुबे ने केन्द्रीय मंत्री ललन सिंह को चांदी के शेर की मूर्ति भेंट की।
इस मौके पर मुंगेर के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक कुमार प्रणय और जमालपुर के जनता दल यूनाईटेड (जदयू) विधायक नचिकेता मंडल ,जदयू प्रदेश महासचिव सौरव निधि और शिक्षाविद प्रो. राजीव नयन भी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित