डेराबस्सी , मार्च 26 -- पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे "युद्ध नशों के विरुद्ध" अभियान के तहत एस.ए.एस. नगर जिले की डेराबस्सी पुलिस को आज बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने जांच के दौरान चार संदिग्धों को गिरफ्तार कर तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।

पुलिस टीमों ने डेराबस्सी सब-डिवीजन में विशेष जांच और गश्त अभियान चलाया। इस दौरान जसवीर सिंह और अजय कुमार उर्फ बिल्ला के कब्जे से 1110 लोमोटिल गोलियां/कैप्सूल बरामद किए गए। वहीं, अन्य दो आरोपी इंदरपाल सिंह और गौरव राणा को भी अलग-अलग स्थानों से पकड़ा है।

कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की लेकिन वे नाकाम रहे और इस दौरान उन्हें चोटें आईं, जिससे उनके हाथ और पैर में फ्रैक्चर हो गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं और उनके खिलाफ विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। बरामद नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन और स्रोत का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित