डेराबस्सी , अप्रैल 27 -- पंजाब के डेराबस्सी में भाजपा सांसद सदस्य सतनाम सिंह संधू ने ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए अपने एमपीएलएडी फंड से एक कौशल प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पंजाब की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में 3.24 लाख से अधिक 'लखपति दीदियां' अहम भूमिका निभा रही हैं।

यह घोषणा भाजपा नेता और पंजाब कृषि उद्योग के पूर्व उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बन्नी संधू द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान की गयी, जिसमें आसपास के गांवों की 1200 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। श्री संधू ने प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना के लिए उपयुक्त भूमि की पहचान करने के निर्देश दिए और केंद्र सरकार से वित्तीय सहयोग दिलाने का आश्वासन भी दिया।

श्री संधू ने केंद्र सरकार की 'लखपति दीदी' और 'ड्रोन दीदी' योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि ये पहलें महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण साबित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि देशभर में 2.9 करोड़ लखपति दीदियों में से 3,24,811 महिलाएं पंजाब से हैं।

कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने फुलकारी, जूतियां, शहद, अचार, मसाले, पापड़ और अन्य स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाये। संधू और बन्नी संधू ने इन स्टॉलों का दौरा कर महिलाओं के प्रयासों की सराहना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित