कोटा , जनवरी 27 -- राजस्थान में कोटा नगर निगम के राजस्व अनुभाग, अतिक्रमण अनुभाग, कोटा डेयरी एवं पुलिस के संयुक्त दल ने मंगलवार को जवाहर नगर सहित कोचिंग क्षेत्र में स्थित विभिन्न डेयरी बूथों पर कार्रवाई करके वहां अवैध रूप से बेची जा रही सामग्री को जप्त किया गया।
आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि शहर में विभिन्न स्थानों पर स्थित डेयरी बूथ पर नियमानुसार सिर्फ कोटा डेयरी के उत्पाद ही बेचने की अनुमति है। लेकिन इन डेयरी बूथ पर अवैध रूप से अन्य सामग्री बेची जाने की शिकायतें निरंतर प्राप्त हो रही हैं। इस पर मंगलवार को जिला कलेक्टर पीयूष समारिया ने नगर निगम, कोटा डेयरी और पुलिस को डेयरी बूथों की जांच करने के निर्देश दिए थे।
आयुक्त मेहरा ने बताया कि निर्देशों की पालना में नगर निगम के उपायुक्त राजस्व धीरज कुमार सोनी के नेतृत्व में नगर निगम के अतिक्रमण अनुभाग, राजस्व अनुभाग, कोटा डेयरी एवं पुलिस को शामिल करते हुए एक दल का गठन किया गया। औचक कार्रवाई करने के लिए यह दल जवाहर नगर स्थित विभिन्न डेयरी बूथ पर पहुंचा। वहां अधिकतर डेयरी बूथ बंद पड़े थे, लेकिन जो भी डेयरी बूथ खुले मिले, वहां दल ने सघन जांच की और कोटा डेयरी के उत्पादों के अतिरिक्त अन्य सभी उत्पादों को जब्त कर लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित