ओस्लो , जनवरी 23 -- डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन ने शुक्रवार को ग्रीनलैंड की राजधानी नुउक की अपनी यात्रा के दौरान मीडिया को दिए एक संक्षिप्त बयान में डेनिश साम्राज्य में एकजुटता एवं एक साझा राजनीतिक भविष्य पर बल दिया।

सुश्री फ्रेडरिक्सन ने कहा कि मैं सबसे पहले ग्रीनलैंड में ग्रीनलैंड वासियों के लिए अपना मजबूत डेनिश समर्थन व्यक्त करती हूं। उन्होंने आगे कहा कि यह बहुत ही कठिन समय रहा है।

उन्होंने ग्रीनलैंड के प्रधानमंत्री जेन्स-फ्रेडरिक नीलसन के साथ घनिष्ठ सहयोग के महत्व पर बल दिया और उनके संयुक्त प्रयासों को देश के अगले कदमों के लिए महत्वपूर्ण तैयारी बताया। उन्होंने कहा कि अब हम कूटनीतिक एवं राजनीतिक मार्ग अपनाने की तैयारी करेंगे।

यह दौरा ग्रीनलैंड के भविष्य को लेकर बढ़ते राजनयिक तनाव के बीच हो रहा है। इससे पहले सुश्री फ्रेडरिक्सन ने गुरुवार को ब्रुसेल्स में यूरोपीय संघ के आपातकालीन शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया और शुक्रवार को नाटो के महासचिव मार्क रुट्टे से मुलाकात की।

इस बीच, डेनिश ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन (डीआर) ने कहा कि हाल ही में ग्रीनलैंड में तैनात डेनिश सैनिकों के पास असामान्य रूप से बड़ी मात्रा में जीवित गोला-बारूद था, जिसमें तथाकथित "केयूपी गोला-बारूद" भी शामिल था, जो आमतौर पर तख्तापलट या शत्रुतापूर्ण आक्रमण जैसी स्थितियों के लिए होता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित