लखनऊ , मार्च 17 -- आम आदमी पार्टी (आप) उत्तर प्रदेश के शिक्षक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने परिषदीय स्कूलों की परीक्षाओं में कक्षा 6, 7 और 8 के लिए एक समान प्रश्नपत्र जारी किए जाने को लेकर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह डेढ़ करोड़ छात्रों के भविष्य के साथ गंभीर खिलवाड़ है।
श्री सिंह ने मंगलवार को कहा कि 16 मार्च से शुरू हुई वार्षिक परीक्षाओं में तीनों कक्षाओं के लिए एक ही प्रश्नपत्र दिया गया, जिसमें केवल कक्षा का नंबर बदला गया। उन्होंने इसे शिक्षा व्यवस्था की बड़ी लापरवाही बताते हुए कहा कि ऐसी स्थिति किसी भी जिम्मेदार तंत्र में स्वीकार्य नहीं हो सकती।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले चार महीनों से शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों जैसे एसआईआर और बोर्ड परीक्षाओं की ड्यूटी में लगाया गया, जिससे स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित हुई और छात्रों का सिलेबस पूरा नहीं हो सका। इसके बावजूद परीक्षाएं कराना छात्रों के साथ अन्याय है।
महेंद्र सिंह ने कहा कि परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले अधिकांश छात्र दलित और पिछड़े वर्ग से आते हैं, जिनके लिए सरकारी स्कूल ही शिक्षा का मुख्य आधार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इन बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देने के बजाय अन्य मुद्दों में व्यस्त है। आप ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित