अंबिकापुर , अक्टूबर 06 -- छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रामेन डेका ने सोमवार को विकासखंड लखनपुर का दौरा किया और प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय स्व सहायता समूहों की 'दीदियों' से भी मुलाकात कर उनके उत्पादों का अवलोकन किया और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
राज्यपाल ने ग्राम जुड़वानी नवापारा की मीरा प्रजापति एवं पहाड़ी कोरवा हितग्राही ग्राम लब्जी की नमिता को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही दो हितग्राहियों को आयुष्मान वय वंदना कार्ड और दो अन्य को प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत अतिरिक्त पोषण आहार का वितरण किया गया।
इस दौरान राजपाल रामेन डेका ने ग्राम पंचायत कुन्नी की गायत्री महिला समूह द्वारा बनाए गए खाद्य पदार्थों, सजावटी सामग्रियों, बेकरी उत्पादों, कोसा शॉल और बोरा आदि का अवलोकन किया। उन्होंने उत्पादों की लागत और आय के बारे में विस्तृत जानकारी ली।
एक उल्लेखनीय उपलब्धि के रूप में, लोसंगी की बीसी सखी श्रीमती बालेश्वरी यादव ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2021 से अब तक 11 करोड़ रुपए का लेन-देन किया है। राज्यपाल ने इस उपलब्धि पर उन्हें विशेष शुभकामनाएं दीं और सभी महिला समूहों को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में निरंतर प्रयास जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित