नोएडा , फरवरी 09 -- उत्तर प्रदेश के जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र नोएडा के विभिन्न जगहों में डूब क्षेत्र में रह रहे सैकड़ों निवासियों के मांग को लेकर नोएडा किसान संगठन द्वारा धरना प्रदर्शन।

भारतीय किसान परिषद के नेतृत्व में सैकड़ों किसान और स्थानीय लोग सेक्टर 16 स्थित बिजली विभाग के मुख्य अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचे और बिजली कनेक्शन की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर पहलवान भी शामिल रहे।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि नोएडा के डूब क्षेत्र में रहने वाले सैकड़ों परिवार वर्षों से बिजली जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं। बार-बार आवेदन और ज्ञापन देने के बावजूद न तो बिजली विभाग और न ही प्रशासन ने कोई ठोस समाधान निकाला है। लोगों का कहना है कि हर बार सिर्फ आश्वासन देकर मामला टाल दिया जाता है।

प्रदर्शन के दौरान किसानों और स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि जल्द ही डूब क्षेत्र के परिवारों को बिजली कनेक्शन उपलब्ध नहीं कराए गए, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि डूब क्षेत्र में रह रहे परिवारों को तत्काल बिजली कनेक्शन दिए जाएं। उनका कहना है कि वर्षों तक मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित