भरतपुर , जनवरी 21 -- राजस्थान में सवाईमाधोपुर के मलारना डूंगर उपखंड के डूंगरी बांध के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण मलारना स्टेशन स्थित कर्नल बैंसला चौराहे से 100 ट्रैक्टरों और अन्य वाहनों से बुधवार को अजनोटी गांव पहुंचे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रैली में शामिल लोग मीणा समाज के हाईकोर्ट के नाम से पहचाने जाने वाले अजनोटी गांव पहुंचने के बाद रैली में शामिल लोगों ने जिला प्रशासन से जिला मुख्यालय जाने के लिये अनुमति मांगी है, जहां वे गुरुवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे।
उधर, रेलवे सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे के अधिकारी भी बैंसला चौराहे पर मौजूद रहे। खुफिया सूत्रों ने बताया कि रेलवे सुरक्षा के मद्देनजर राजकीय रेलवे पुलिस बल के जवानों को मखोली फाटक पर तैनात किया गया है। इस बीच थाना और मलारना स्टेशन पुलिस भी जाप्ते के साथ सतर्क नजर आयी। ट्रैक्टरों के अलावा लोग जीप, बस और मोटरसाइकिल से भी रैली में शामिल हुये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित