गोरखपुर , अप्रैल 13 -- उत्तर प्रदेश में गोरखपुर जिले के गीडा थाना क्षेत्र में डीसीएम चालक 12.50 टन सरिया लेकर रहस्यमय ढंग से फरार हो गया। इस मामले में वाहन मालिक की भूमिका भी संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने चालक के साथ.साथ मालिक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार गीडा थाना क्षेत्र के देईपार निवासी अशोक कुमार पाण्डेय जो गीडा सेक्टर.13 स्थित न्यू मेट्रो ट्रांसपोर्ट सर्विस में कमीशन एजेंट के रूप में कार्य करते हैं। पुलिस को दी तहरीर उन्होंने बताया कि उन्होने ट्रांसपोर्ट सर्विस के माध्यम से छह अप्रैल को गैलेंट इस्पात कंपनी से 12.50 टन सरिया लोड कराया गया था। यह सरिया सूरज ट्रेडिंग कंपनी, ढकेरवा ;लखीमपुर. पहुंचाया जाना था मगर निर्धारित समय के बाद भी माल गंतव्य तक नहीं पहुंचा। नौ अप्रैल को जब चालक प्रमोद कुमार से संपर्क किया गया तो उसने बताया कि लखनऊ.सीतापुर रोड पर वाहन खराब हो गया है वहीं वाहन मालिक लालजीत ने भी यही जानकारी दी।
कुछ समय बाद जब पुनः चालक से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद से चालक और वाहन दोनों का कोई सुराग नहीं लग सका। ट्रांसपोर्टर को आशंका है कि चालक और वाहन मालिक की मिलीभगत से सरिया को कहीं गायब कर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित