चंडीगढ़ , फरवरी 06 -- दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने डीडीए टावरिंग हाइट्स कड़कड़डूमा आवास योजना-2026 के तहत आवासीय फ्लैटों के थोक आवंटन के लिए राज्य सरकारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
इस संबंध में डीडीए के प्रधान आयुक्त (आवास) की ओर से हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी को औपचारिक पत्र भेजा गया है। डीडीए ने इस योजना के अंतर्गत 107 दो-बेडरूम (2-बीएचके) फ्लैटों के थोक आवंटन का प्रस्ताव रखा है। ये फ्लैट कड़कड़डूमा स्थित आरएच-02 ब्लॉक के विभिन्न टावरों में निर्माणाधीन हैं और विशेष रूप से केंद्र और राज्य सरकार के संस्थानों के लिए आरक्षित किए गए हैं। इनका उपयोग सरकारी कर्मचारियों के लिए स्टाफ क्वार्टर आधिकारिक आवास अथवा दीर्घकालिक आवास के रूप में किया जाएगा।
यह योजना केंद्र और राज्य सरकारों के मंत्रालयों विभागों सरकारी विश्वविद्यालयों सार्वजनिक उपक्रमों और स्वायत्त निकायों के लिए खुली है। आवंटन पहले आओ पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा 2-बीएचके फ्लैटों की कीमत 1.79 करोड़ रुपये से 2.32 करोड़ रुपये के बीच है। फ्लैटों का निर्माण कार्य 90 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है और कब्जा जुलाई 2026 तक मिलने की संभावना है। यह परियोजना मेट्रो स्टेशन रेलवे स्टेशन और प्रमुख सड़कों से अच्छी तरह जुड़ी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित