कोरबा , मार्च 07 -- छत्तीसगढ़ में कोरबा के डीएसपीएम प्लांट परिसर में शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्लांट के अंदर काम कर रहे कर्मचारियों को एक जहरीला कोबरा सांप दिखाई दिया। अचानक सांप को देखकर आसपास मौजूद लोग घबरा गए और कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि कोबरा फन फैलाए बैठा था, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।

कर्मचारियों ने हालांकि समझदारी दिखाते हुए सांप के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं की और तुरंत सरीसृप देखभाल एवं बचाव सोसाइटी (आरसीआरएस) की टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही आरसीआरएस के अध्यक्ष अविनाश यादव अपनी टीम के सदस्य महेश्वर के साथ मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक कोबरा का सफलता पूवर्क पकड़ लिया।

कोबरा को पकड़ने के दौरान मौके पर मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा गया। कुछ ही देर में टीम ने कोबरा को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया, जिसके बाद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी डीएसपीएम प्लांट परिसर में जहरीले सांप निकलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने आरसीआरएस टीम के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था लगातार लोगों को वन्यजीवों के प्रति जागरूक करने का काम कर रही है। टीम न केवल खतरनाक सांपों का सुरक्षित तरीके से पकडती है, बल्कि उन्हें बिना नुकसान पहुंचाए जंगल में छोड़ती भी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित