ऋषिकेश , जनवरी 28 -- जिलाधिकारी सविन बंसल ने आज बुधवार को सब रजिस्ट्रार कार्यालय ऋषिकेश का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में कई गंभीर अनियमितताएं और अव्यवस्थाएं सामने आईं, जिस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की।

निरीक्षण में पाया गया कि सब रजिस्ट्रार की अनुपस्थिति में अवैधानिक रूप से लिपिकों द्वारा विलेखों का निबंधन किया जा रहा था, जो नियमों का उल्लंघन है। जिलाधिकारी ने संपत्ति मूल्यांकन की जानकारी पूछी, लेकिन उपस्थित कार्मिक संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके।

कार्यालय में औद्योगिक क्षेत्रों की भूमि को आवासीय दरों पर रजिस्ट्री किए जाने के कई मामले सामने आए, जिससे स्टाम्प शुल्क चोरी की आशंका जताई गई है। इस संबंध में जिलाधिकारी ने विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि सैकड़ों मूल विलेख पत्र महीनों से लंबित थे और अलमारियों में रखे हुए थे। जबकि नियमानुसार मूल दस्तावेज अधिकतम तीन दिन में लौटाए जाने चाहिए। रजिस्ट्री की नकल देने में भी अनावश्यक देरी की जा रही थी, जिससे आमजन परेशान हो रहे थे।

कार्यालय में एक घोस्ट कार्मिक भी पाया गया, जिसका न तो कोई नियुक्ति पत्र था और न ही उपस्थिति पंजिका में नाम दर्ज था। जिलाधिकारी ने सभी कार्मिकों का विवरण तलब कर लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित