जयपुर , फरवरी 03 -- राजस्थान में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा प्रदेश भर में विमुक्त, घुमन्तू एवं अर्द्धघुमन्तू समुदाय (डीएनटी) के लिए चलाये जा रहे पहचान प्रमाण पत्र सहायता शिविर आगामी 15 फरवरी तक संचालित किये जाएंगे।

विभाग के मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर प्रदेश भर में घुमन्तू समुदाय के लोगों को पहचान पत्र जारी करने के लिए 12 से 31 जनवरी तक पहचान प्रमाण पत्र सहायता शिविर संचालित किए गए थे। समुदाय के प्रतिनिधियों की मांग और ज्यादा से ज्यादा पात्र व्यक्तियोंको लाभान्वित किये जाने के लिए इन शिविरों की तिथि को बढ़ाकर 15 फरवरी कर दिया गया है।

श्री गहलोत ने कहा कि शिविरों के आरंभ होने से अबतक ई मित्र पोर्टल पर डीएनटी पहचान पत्र के लिए 10 हजार 764 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 5 हजार 378 लोगों को प्रमाण पत्र जारी किये जा चुके हैं। शेष में से एक हजार 301 आवेदन, आवेदकों को विभिन्न आक्षेपों या कमी पूर्ति दूर करने के लिए लौटाये जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि शिविरों में घुमन्तू समुदाय के व्यक्तियों के मतदाता पहचान पत्र आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र आदि बनाने के लिए भी पर्याप्त व्यवस्था कर आवश्यक आवेदन कराये जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित