कपूरथला , अक्टूबर 21 -- पंजाब में भुल्लथ से कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने मंगलवार को आरोप लगाते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के आरोप में पुलिस उप महानिरीक्षक हरचरण सिंह भुल्लर की गिरफ्तारी ने एक बार फिर पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) शासन में भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अक्षमता को उजागर कर दिया है।

श्री खैरा ने कहा कि राज्य के गृह मंत्री के रूप में, पूरी ज़िम्मेदारी मुख्यमंत्री भगवंत मान पर है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि मान सरकार भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में बुरी तरह विफल रही है। यह घटना न केवल राज्य सरकार की प्रशासनिक अक्षमता को दर्शाती है, बल्कि शीर्ष पर बैठे लोगों पर भी गंभीर सवाल उठाती है।

कांग्रेस विधायक ने अपने आरोप में कहा कि भ्रष्टाचार का एक और ज्वलंत उदाहरण 144 टोयोटा हिलक्स पिकअप ट्रक घोटाला है। इसमें पंजाब पुलिस के लिए वाहन खरीद में अनियमितताएं सामने आई थीं। इसमें निविदा मानदंडों का स्पष्ट उल्लंघन, अधिक कीमत और वित्तीय औचित्य के सवाल उठे थे।

श्री खैरा ने कहा कि इससे भी ज़्यादा परेशान करने वाली बात उनकी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल और आप नेतृत्व की उदासीनता और बहरी चुप्पी है। इन विस्फोटक घटनाक्रमों पर टिप्पणी करने से इनकार करना नैतिक अपराधबोध और राजनीतिक मिलीभगत की ओर इशारा करता है। अगर आप वाकई भ्रष्टाचार से लड़ने के लिए गंभीर होती, तो इस पर तुरंत कार्रवाई, आंतरिक जवाबदेही और पारदर्शिता होनी चाहिए थी। इसके बजाय, हम रंगे हाथों पकड़ी गई पार्टी की टालमटोल और चुप्पी को ही देख रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित