हैदराबाद , मार्च 24 -- आकाशवाणी के महानिदेशक राजीव कुमार जैन ने सार्वजनिक प्रसारण की स्थायी प्रासंगिकता पर बल देते हुए मंगलवार को कहा कि तेजी से विकसित हो रहे डिजिटल परिदृश्य में भी आकाशवाणी समाचार विशिष्ट एवं विश्वसनीय स्थान रखता है।

श्री जैन कावादिगुडा स्थित सीजीओ टावर्स में आकाशवाणी हैदराबाद क्षेत्रीय समाचार इकाई की ओर से अंशकालिक संवाददाताओं, आकस्मिक समाचार संपादकों और समाचार वाचकों के लिए आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया को अपनाते हुए आकाशवाणी ने अपनी पहचान एवं विश्वसनीयता बरकरार रखी है। संवाददाताओं के पेशेवर कौशल को बढ़ाने के लिए नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं और उनसे आग्रह किया कि वे सटीकता से समझौता किए बिना डिजिटल युग की चुनौतियों का सामना करें। उन्होंने जोर दिया कि त्वरित अपडेट के इस युग में सूचनाओं का सत्यापन करना पत्रकारों की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बनी हुई है।

तेलंगाना मीडिया अकादमी के अध्यक्ष के. श्रीनिवास रेड्डी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि तकनीकी प्रगति ने समाचारों के स्वरूप को बदल दिया है। उन्होंने कहा कि एक सार्वजनिक प्रसारक होने के नाते आकाशवाणी को सटीकता एवं नैतिक पत्रकारिता के उच्चतम मानकों को बनाए रखना चाहिए।

पीआईबी हैदराबाद की अतिरिक्त महानिदेशक श्रुति पाटिल ने अनौपचारिक सोशल मीडिया नेटवर्क के माध्यम से वायरल होने वाली फर्जी खबरों के बढ़ते खतरे के प्रति आगाह किया। उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान स्थापित पीआईबी फैक्ट चेक यूनिट की भूमिका पर प्रकाश डाला और पत्रकारों को जमीनी स्तर की विकास पहलों पर रिपोर्टिंग करने पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी।

आकाशवाणी हैदराबाद के उप महानिदेशक और क्लस्टर प्रमुख हरि सिंह ने संगठन को विश्वसनीयता एवं ईमानदारी का प्रतीक बताते हुए संवाददाताओं से इसकी प्रतिष्ठा की रक्षा करते हुए नई तकनीकों को अपनाने का आग्रह किया।

ऐतिहासिक संदर्भ की बात करते हुए, क्षेत्रीय समाचार इकाई के उप निदेशक और प्रमुख एमएस महेश ने कहा कि आकाशवाणी के समाचार प्रभाग की स्थापना सात फरवरी, 1957 को हुई थी और उर्दू भाषी श्रोताओं की सेवा के लिए 1965 में एक उर्दू समाचार बुलेटिन शुरू किया गया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकारों एवं मीडिया पेशेवरों द्वारा सत्र आयोजित किए गए। पूर्व आरटीआई आयुक्त आर. दिलीप रेड्डी ने "बदलते मीडिया परिदृश्य में समाचार संकलन एवं सामग्री निर्माण" विषय पर बात की जबकि द हिंदू बिजनेस लाइन के डॉ. कुर्मनाथ ने सोशल मीडिया युग में सामग्री उपभोग के रुझानों पर चर्चा की।

आईन्यूज के ए के सागर ने न्यूज रूम के विकास पर विस्तार से चर्चा की और फैक्टली के भारत ने फैक्ट चेकिंग और सोशल मीडिया को बढ़ावा देने पर अंतर्दृष्टि प्रदान की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित