मधुबनी , जनवरी 12 -- बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने सोमवार को कहा कि डिजिटल पंचायत एवं आधुनिक तकनीक का उपयोग ग्रामीण विकास को नई दिशा और गति प्रदान कर रहा है। मंत्री श्री प्रकाश ने आज जिला पंचायत संसाधन केंद्र, मधुबनी द्वारा ग्राम पंचायत विकास योजना पर आधारित एक एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रमको सम्बोधित करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत विकास योजना गाँव के समग्र, संतुलित एवं सतत विकास की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्राम सभा के माध्यम से जनता की सक्रिय सहभागिता से तैयार की जाती है, जिससे विकास प्रक्रिया अधिक समावेशी, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनती है।उन्होंने बताया किग्राम पंचायत विकास योजना का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग गरीब, महिला, दलित, पिछड़ा एवं वंचित समुदाय को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। इस योजना के अंतर्गत पेयजल, स्वच्छता, सड़क, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसे बुनियादी क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाती है। साथ ही, विभिन्न सरकारी योजनाओं का अभिसरण ग्राम पंचायत विकास योजना के माध्यम से प्रभावी रूप से सुनिश्चित किया जाता है।
मंत्री श्री प्रकाश ने कहा कि डिजिटल पंचायत एवं आधुनिक तकनीक का उपयोग ग्रामीण विकास को नई दिशा और गति प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि एवं पंचायत कर्मी ग्रामीण विकास के सच्चे वाहक हैं, जबकि युवा एवं महिलाएँ पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जब प्रत्येक ग्राम पंचायत सशक्त होगी, तभी राज्य और देश सशक्त होंगे।
श्री प्रकाश ने इस अवसर पर प्रशिक्षण में भाग लेने वाले पंचायत कार्यपालक सहायकों के बीच प्रशिक्षण प्रमाण-पत्रों का वितरण भी किया गया, जिससे प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में नोडल पदाधिकारी, जिला पंचायत संसाधन केंद्र, मधुबनी, विकास कुमार मिश्रा उपस्थित रहे। उनके साथ नोडल पदाधिकारी सह ब्लॉक फैसिलिटेटर रजनीश कुमार, कमलेश कुमार, नंदलाला,चंद्रदेव सागर, सुरेन्द्र कुमार चौधरी, निकेश कुमार, गणेश साहू, दीना कुमार सहित अन्य संबंधित कर्मी एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को ग्राम पंचायत विकास योजना की व्यवहारिक एवं तकनीकी समझ प्रदान की गई, जिससे वे अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित कर सकें।
यह प्रशिक्षण विशेष रूप से पंचायत कार्यपालक सहायकों के लिए आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य उन्हें ग्राम पंचायत विकास योजना की अवधारणा, महत्व एवं उसके प्रभावी और व्यावहारिक क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी प्रदान करना था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित