रांची , जनवरी 20 -- झारखंड के धनबाद जिले में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर की गई साइबर ठगी के एक बड़े मामले का पुलिस ने खुलासा किया है।
साइबर थाना पुलिस ने इस मामले में मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक रिटायर्ड शिक्षक को ईडी और सीबीआई का डर दिखाकर 10 लाख 50 हजार रुपये की ठगी की थी। पुलिस का दावा है कि इस गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान हो चुकी है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी भी की जाएगी।
ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी ने साइबर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 8 जनवरी को टुंडी थाना क्षेत्र के गादी निवासी और प्रतिष्ठित निजी स्कूल के 73 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षक सेबेस्टियन होरो के साथ यह घटना हुई थी। साइबर अपराधियों ने उन्हें व्हाट्सएप कॉल के जरिए संपर्क कर खुद को जांच एजेंसियों का अधिकारी बताया और मनी लॉन्ड्रिंग जैसे गंभीर मामले में फंसाने की धमकी दी।
अपराधियों ने शिक्षक को डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर दो दिनों तक उनके ही घर में कैद रहने को मजबूर किया। इस दौरान उन्हें घर से बाहर निकलने पर तत्काल गिरफ्तारी की धमकी दी जाती रही। ठगों ने व्हाट्सएप पर फर्जी दस्तावेज भेजकर ईडी और सीबीआई की कार्रवाई का झूठा माहौल बनाया। मानसिक दबाव में आकर पीड़ित शिक्षक ने दो बार में कुल 10 लाख 50 हजार रुपये अपराधियों द्वारा बताए गए खातों में ट्रांसफर कर दिए।
पीड़ित द्वारा 8 जनवरी को साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की टीम भोपाल पहुंची, जहां से 26 वर्षीय अरुण अहिरवार को गिरफ्तार किया गया। वह मध्य प्रदेश के विदिशा जिले का रहने वाला है।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अलग-अलग कंपनियों के नाम पर करंट अकाउंट खुलवाए थे। इन्हीं खातों में ठगी की रकम मंगाई जाती थी। आरोपी ने इंडियन बैंक के एक खाते से चेक के जरिए पांच लाख रुपये की निकासी कर अपने साथियों में बांटने की बात भी स्वीकार की है।
ग्रामीण एसपी ने बताया कि पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित