जोधपुर , मार्च 15 -- राजस्थान में जोधपुर साइबर थाना पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 1.85 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले का खुलासा करते हुए एक संविदा बैंककर्मी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस उपायुक्त शाहीन सी ने रविवार को बताया कि कमला नेहरू नगर, प्रतापनगर निवासी सरस्वती देवी माहेश्वरी (75) के मोबाइल पर गत 13 फरवरी को एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके आधार कार्ड से केनरा बैंक में खाता खुला है, जिसमें करीब दो करोड़ रुपये का फर्जी लेन-देन हुआ है।

आरोपी ने महिला को गिरफ्तारी का डर दिखाते हुए कहा कि यदि वह जांच से बचना चाहती हैं तो उनकी एफडी और अन्य राशि आरबीआई जांच के लिए बताए गए खाते में जमा करानी होगी, अन्यथा उन्हें डिजिटल अरेस्ट कर लिया जाएगा। डर के कारण महिला ने 18 फरवरी को अपने एसबीआई खाते से एक करोड़ 85 लाख 23 हजार रुपये बताए गए खाते में आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर कर दिए।

इस संबंध में 23 फरवरी को साइबर पुलिस थाना जोधपुर में विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने द्वितीय लेयर के खाते के धारक तिलक सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने बताया कि उसने अपना बैंक खाता साइबर अपराध के लिए शिवम तोमर को दिया था।

शिवम तोमर से पूछताछ में सामने आया कि यह खाता साइबर अपराध में इस्तेमाल करने के लिए एसबीआई के संविदा कर्मचारी अजय सिंह को दिया गया था। आगे की जांच में पता चला कि अजय सिंह इस साइबर ठगी गिरोह के मुख्य आरोपी मुकेश राव के लिए काम करता था और खातों की व्यवस्था करने में उसकी अहम भूमिका थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मुकेश राव बैंक कर्मी अजय के माध्यम से मजदूर वर्ग के लोगों को बड़े मुनाफे का लालच देकर उनके बैंक खाते खुलवाता था और उन खातों में साइबर ठगी की रकम जमा करवाता था। बाद में रकम निकालकर खाताधारकों को कमीशन दिया जाता था। गिरोह ठगी की रकम से यूएसडीटी डिजिटल करेंसी खरीदकर देश-विदेश में बैठे साइबर अपराधियों को भेज देता था।

मुख्य आरोपी मुकेश राव के खिलाफ पहले से भी मारपीट, लूट और अन्य आपराधिक मामलों में प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है। मामले में पुलिस ने चारों आरोपियों मुकेश राव (28) निवासी बलदेव नगर, मसूरिया, जोधपुर, तिलक सिंह (19) निवासी शक्ति कॉलोनी, रातानाडा, जोधपुर, शिवम तोमर (30) निवासी कुड़ी भगतासनी, जोधपुर और अजय सिंह (25) निवासी जगदम्बा कॉलोनी, प्रतापनगर, जोधपुर (संविदा कर्मचारी, एसबीआई पाल रोड शाखा) को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया जहां उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित