नई दिल्ली , नवंबर 21 -- भारतीय विधि सेवा की अधिकारी और विधि एवं न्याय मंत्रालय के विधि मामलों के विभाग में सचिव डा. अंजू राठी राणा को 23 वें विधि आयोग का सदस्य सचिव नियुक्त किया गया है।

केन्द्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्ति मामलों की समिति ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दी है। उनकी नियुक्ति कार्यभार संभालने के दिन से प्रभावी मानी जायेगी।

इसके अलावा समिति ने भारतीय विधि सेवा के अधिकारी डा. राजीव मणि जो अभी विधि और न्याय मंत्रालय के विधायी विभाग में सचिव हैं को विधि विभाग के सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी है।

समिति के अन्य निर्णयों में भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी नीरज मित्तल को पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति उनके कार्यभार संभालने के दिन से प्रभावी मानी जाएगी।

ग्रामीण विकास मंत्रालय में सचिव भूमि संसाधन विभाग मनोज जोशी को रसायन और उर्वरक मंत्रालय में फार्मास्युटिकल विभाग में सचिव नियुक्त किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित