पटना , जनवरी 25 -- नता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने रविवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विकासपरक नीतियों एवं जनहित के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता से जनता विशेष रूप से प्रभावित है, जिसके परिणामस्वरूप निरंतर नए साथी (जदयू) से जुड़ रहे हैं और पार्टी का दायरा लगातार बढ़ रहा है। जदयू के प्रदेश कार्यालय में आज आयोजित मिलन समारोह के अवसर पर पूर्व में पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता रहे डाॅ. सुनील कुमार सिंह एवं वरीय नेता डाॅ. अनंत कुमार गुप्ता ने कई प्रमुख नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ जदयू परिवार में घर वापसी की।

इस अवसर पर जदयू के प्रदेश अध्यक्ष श्री कुशवाहा ने सभी नवागंतुकों को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई तथा जदयू परिवार में उनका स्वागत करते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।

श्री कुशवाहा ने कहा कि डाॅ.सुनील कुमार सिंह एवं अनंत कुमार गुप्ता के पास राजनीति का गहरा अनुभव है, और उनके जुड़ने से पार्टी को और अधिक मजबूती प्राप्त होगी।

इस अवसर पर विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सह विधान पार्षद नीरज कुमार तथा पार्टी के प्रदेश महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी वासुदेव कुशवाहा उपस्थित रहे।

पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वालों में मुख्य रूप से उमेश प्रसाद, मोहन लाल, शिवचंद्र प्रसाद, अजय गुप्ता, सिद्धनाथ प्रसाद, बृजेश प्रसाद सहित कई प्रमुख नेतागण शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित