धार , अप्रैल 16 -- मध्यप्रदेश में धार जिले की गंधवानी तहसील स्थित डाक विभाग में वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है, जहां एक डाकपाल पर एक लाख 76 हजार 500 रुपये के गबन का आरोप लगा है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कुक्षी उपसंभाग के अंतर्गत खोड शाखा डाकघर में पदस्थ सहायक शाखा डाकपाल शिवा पिता रामदयाल को 14 मई से 31 मई 2025 तक शाखा का प्रभार सौंपा गया था। इस दौरान उसने पद का दुरुपयोग करते हुए विभाग की राशि खातों में जमा नहीं की और निजी उपयोग में खर्च कर दी।
मामले की जानकारी मिलने पर उपसंभागीय निरीक्षक ब्रजेश अहिरवार द्वारा विभागीय जांच की गई, जिसमें दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर गबन की पुष्टि हुई। जांच प्रतिवेदन और कानूनी अभिमत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
थाना प्रभारी प्रदीप खन्ना के अनुसार विभागीय जांच में गबन प्रमाणित होने के बाद डाक विभाग ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी जिले में डाक विभाग से जुड़ा एक बड़ा धोखाधड़ी मामला सामने आ चुका है, जिसमें लाखों रुपये के गबन की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित